चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण के 11वें सत्र में सोमवार को 356 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। पल्स पोलियो अभियान होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने अपने केंद्रों पर सत्र का आयोजन नहीं किया, जबकि पीजीआई में 3 और जीएमसीएच-32 में 2 केंद्रों पर पूर्व की भांति टीकाकरण चला। एयरफोर्स परिसर में 20 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, फ्रंटलाइन वर्कर के टीकाकरण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमनदीप कंग की देखरेख में कोविड पोर्टल पर फ्रंटलाइन वर्कर का लाइव डाटा तैयार करना शुरू कर दिया गया है। डॉ. कंग ने बताया कि मंगलवार को ड्राई रन प्रक्रिया के अंतर्गत संदेश भेजने और पोर्टल पर पिन कोड बनाने का काम किया जाएगा। अगर कोई रुकावट नहीं आई तो 4 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्करों को भी टीका लगाना शुरू कर दिया जाएगा।
बॉक्स
फ्रंटलाइन के लिए अभी नहीं मिली वैक्सीन
डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि सरकार की ओर से अब तक फ्रंटलाइन वर्कर के लिए वैक्सीन नहीं मिली है। पहले स्वास्थ्यकर्मियों के नाम से वैक्सीन दी गई है। ऐसी स्थिति में यह भी जानना जरूरी हो गया है कि स्वास्थ्यकर्मियों के स्टॉक में से ही फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन लगाई जानी है या उनके लिए अलग से वैक्सीन आएगी। हालांकि, अभी तक इस संदर्भ में कोई सूचना नहीं मिली है।
बॉक्स
पीजीआई में तीन ही केंद्र रहेंगे
पीजीआई अब केवल तीन केंद्रों पर ही टीकाकरण होगा। चौथे केंद्र पर लाभार्थी नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसी स्थिति में वहां कर्मचारी लगाना निरर्थक साबित हो रहा है। वहीं, दूसरी तरफ पीजीआई फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में जीएमसीएच-32 और स्वास्थ्य विभाग के केंद्रों पर ही स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण किया जाएगा।
बॉक्स
कहां-कितना टीकाकरण
पीजीआई के तीन केंद्रों पर- 99, 49,129
जीएमसीएच-32 के दो केंद्रों पर - 20, 39
एयरफोर्स परिसर- 20