नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात के तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट आई। दूसरी तरफ बुधवार रात तक आंधी चलने के चलते बिजली के खंभे और तार टूटने से अंबाला, हिसार, गुरुग्राम, करनाल कई शहरों में बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। हल्की बारिश के बावजूद हिसार और भिवानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया।
बूंदाबांदी के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों को दिनभर परेशान किया। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। ऐसे में तापमान बढ़ सकता है। 15 को बादल छाने के बाद राहत मिलने की उम्मीद है। 16, 17 और 18 को जून को यदि कहीं बाहर निकल रहे हैं तो धूलभरी आंधी से बचकर निकलें।
मौसम का पूर्वानुमान
15 को आंशिक बादल
16 को आंशिक बादल और गरज-चमक के साथ दो बार बूंदाबांदी
17 को आंशिक बादल और गरज-चमक के साथ दो बार बूंदाबांदी
18 को आंशिक बादल
19 को आंशिक बादल और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश
अंधड़ ने ली तीन लोगों की जान
प्रदेश में बुधवार रात आई धूलभरी आंधी ने तीन लोगों की जान ले ली। रेवाड़ी में तेज हवा के कारण लाइन में आए फॉल्ट को ठीक कर रहे बिजली निगम के सहायक फोरमैन रमेश कुमार गुप्ता (55) की करंट लगने से मौत हो गई।
उसी दौरान नारायणगढ़-कालाअंब मार्ग (एनएच-7) पर स्कूटी सवार अमन सैनी (26) निवासी बड़ा त्रिलोकपुर (हिमाचल प्रदेश) पर पेड़ गिर गया। उसकी गर्दन धड़ से अलग हो गई और उसकी मौके पर ही मौत गई। उधर, रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर चलती बाइक पर पेड़ गिरने से उस पर सवार गांव बुड़ौली निवासी दुकानदार संजय की जान चली गई।