फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नया फरमान, अब साइकिल चालकों का भी कटेगा चालान

Fri, 10 Jul 2015 09:02 AM IST
कुलदीप शुक्ला/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़ में अब साइकिल सवारों को ट्रैफिक नियम फॉलो करने होंगे, वरना उनका चालान काट दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने यह प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो साइकिल सवारों का चालान करने वाला चंडीगढ़ देश का पहला शहर होगा।
विज्ञापन


ट्रैफिक एसएसपी मनीष चौधरी के अनुसार शहर में होने वाले हादसों में साइकिल सवारों और पैदल चलने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सड़क दुर्घटनाओं में शहर में सबसे ज्यादा मौतें साइकिल सवारों की होती हैं। इन हादसों से बचने के लिए अब ट्रैफिक पुलिस उनसे ट्रैफिक नियमों का पालन कराने की जुगत में है।

उल्लंघन करने पर साइकिल जब्त कर सेक्टर-29 के ट्रैफिक लाइन में स्टोर कर दी जाएगी। साइकिल चालक को साइकिल छुड़वाने के लिए 300 रुपये जुर्माना देना पड़ेगा। इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले साइकिल सवारों पर कार्रवाई की तैयारी की है। अक्सर साइकिल सवार गलत टर्न ले लेते हैं और बीच ट्रैफिक में आ जाते हैं या बिना रिफ्लेक्टर के चलते हैं। इस तरह ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर वे हादसे का शिकार हो जाते हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन

निगम और एस्टेट ऑफिस में होगा भुगतान

जिस तरह से नगर निगम रेहड़ी-फड़ी और रिक्शावालों का चालान करता है, उसी तरह ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले साइकिल सवारों की साइकिल ट्रैफिक पुलिस जब्त करेगी। एमसी ऑफिस व एस्टेट ऑफिस में चालान का भुगतान करने के बाद रसीद मिलेगी। उस रसीद की प्रति देने के बाद ही साइकिल मिलेगी। अधिकतम चालान 300 रुपये है।

हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
हाईकोर्ट ने ट्रैफिक विभाग से यातायात की व्यवस्था खराब होने की वजह पर जवाब मांगा था। एसएसपी मनीष चौधरी का जवाब था कि साइकिल सवारों पर कोई नियम न होने की वजह से वे सड़क पर मनमानी करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इसके बाद हाईकोर्ट ने उन्हें साइकिल सवारों पर प्रस्ताव बनाने का आदेश दिया था।

विशेष लेन भी बनेगी
एक तरफ साइकिल सवारों पर सख्ती की तैयारी की जा रही है तो दूसरी ओर स्मार्ट सिटी में साइकिल सवार और पैदल चलने वाले के लिए विशेष लेन बनाने का प्रस्ताव भी है ताकि साइकिल सवार और पैदल चलने वालों को सड़क पर चलने में परेशानी न हो।

साइकिल सवारों को जागरूक करें: पाठक
पीयू के पूर्व वाइस चांसलर केएन पाठक के अनुसार ट्रैफिक पुलिस को साइकिल सवारों को नियम व सुरक्षा की जानकारी देने के लिए विशेष शिविर लगाने चाहिए। कई साइकिल ट्रैक भी बदहाल हैं। पहले इनके सुधार की जरूरत है।

साइकिल सवार अक्सर ट्रैफिक नियम तोड़ते हैं। बावजूद इसके ट्रैफिक पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाती है। साइकिल सवारों की इसी मनमानी को रोकने के लिए यह प्रपोजल तैयार कर प्रशासन को भेजा गया है।
- मनीष चौधरी, एसएसपी ट्रैफिक

प्रपोजल की सभी बातों पर गौर करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
- विजय कुमार देव, एडवाइजर
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें