चंडीगढ़। ओलंपिक क्वालीफाइंग की तैयारियों में जुटी गोल्डन गर्ल चाहत अरोड़ा यूटी खेल विभाग से मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को अभ्यास के लिए स्वीमिंग पूल में उतरीं। चाहत ही एकमात्र तैराक हैं, जिन्हें खेल विभाग के सचिव ने अभ्यास के लिए अनुमति दी है, जबकि मौजूदा समय में लॉकडाउन के चलते सभी खेल गतिविधियां बंद हैं।
विभाग की ओर से अनुमति मिलने के बाद चाहत ने सेक्टर-23 स्थित ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में अभ्यास शुरू कर दिया है। चाहत मंगलवार दोपहर बाद 3 बजे स्वीमिंग पूल पहुंचीं और शाम 5 बजे अभ्यास किया। इस दौरान वह आत्मविश्वास से लबरेज दिखाई दीं। उनके साथ उनकी मां गीता अरोड़ा भी मौजूद रहीं। उन्होंने यूटी खेल विभाग के सचिव और डायरेक्टर को विशेष अनुमति देने के लिए धन्यवाद दिया।
चाहत अरोड़ा के लिए तैराकी के अभ्यास के लिए अनुमति राहत भरी खबर है। ओलंपिक क्वालीफाइंग की तैयारियों में जुटी चाहत अरोड़ा को पिछले हफ्ते बंगलूरू में भारतीय शिविर में शामिल होना था, लेकिन वहां पहुंचे कुछ खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद शिविर रद्द कर दिया गया था। चाहत के लिए यह बुरी खबर थी। वहीं, कोरोना के चलते शहर के स्वीमिंग पूल भी बंद थे। इससे चाहत मायूस थीं। इसी बीच लॉकडाउन में प्रशासन की ओर से नए दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिसमें कहा गया था कि शहर में ओलंपिक की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी विशेष अनुमति के बाद खेल सेंटर में अभ्यास कर सकते हैं। इसके बाद चाहत अरोड़ा ने खेल विभाग के सचिव के पास आवेदन किया और मंजूरी मिलते ही मंगलवार से स्वीमिंग पूल में अभ्यास शुरू कर दिया।
अभ्यास शुरू कर तैयारी में जुटी हूं
फ्रांस में एक जून से अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग चैंपियनशिप हो रही है। इसमें हिस्सा लेने के लिए पूरी शिद्दत से जुटी हूं। ओलंपिक क्वालीफाइंग के लिए कभी भी बुलाया जा सकता है। ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में अभ्यास कर खुद को तैयार कर रही हूं। -चाहत अरोड़ा, तैराक