चंडीगढ़। सीबीआई अदालत ने 20 हजार रुपये के रिश्वत मामले में सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) के सुपरिंटेंडेंट को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बीते शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेशकर तीन दिन का रिमांड लिया था।
वीरवार को पुलिस ने सीजीएसटी के सुपरिंटेंडेंट विजय सेहरा को सेक्टर-17 से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। सीबीआई को शिकायत मिली थी कि विजय सेहरा ऑटो चालक से सर्विस टैक्स के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। ऑटो चालक ने कहा कि इतने पैसे नहीं दे सकता। इसके बाद 20 हजार में समझौता हुआ। सीबीआई अधिकारियों ने शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच बातचीत को रिकार्ड करने के बाद सेक्टर-17 में रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।