चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को गृह मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की ओर से सेंट्रल सर्विस रूल्स को लेकर राहत दी गई है। मंत्रालयों की ओर से मंगलवार को पीयू रजिस्ट्रार और यूटी एडवाइजर को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा गया है।
पत्र में लिखा है कि 21 मई को पंजाब यूनिवर्सिटी नॉन टीचिंग एसोसिएशन की ओर से मंत्रालय को पत्र लिखा गया था। इसमें कहा गया था कि अगर पंजाब यूनिवर्सिटी में सेंट्रल सर्विस रूल्स लागू किए जाते हैं तो इससे गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान होगा जोकि कर्मचारियों के हित में नहीं है। पीयू के गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के सर्विस रूल्स पंजाब यूनिवर्सिटी कैलेंडर के अधीन आते हैं इसलिए इस मांगपत्र पर उचित कार्रवाई की जाए।
गृह मंत्रालय ने कहा- मामले में करें कार्रवाई
गृह मंत्रालय की ओर से मंगलवार को यूटी प्रशासक के एडवाइजर को नॉन टीचिंग एसोसिएशन के प्रधान हनी ठाकुर की ओर से पीएमओ दफ्तर भेजी गई चिट्ठी के संबंध में पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि 29 जून को हनी ठाकुर की ओर से पीयू के गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों पर सेंट्रल सर्विस रुल्स लागू नहीं करने को लेकर पत्र भेजा गया था। इस पर उचित कार्रवाई की जाए।
मंत्रालय के जवाब से कर्मचारियों को राहत
गृह और शिक्षा मंत्रालय का जवाब कर्मचारी वर्ग के लिए राहत है। इससे उम्मीद जगी है कि अब पीयू के गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों पर सेंट्रल सर्विस रूल्स लागू नहीं किए जाएंगे। - हनी ठाकुर, प्रधान, नॉन टीचिंग एसोसिएशन