चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल के 520 पदों की भर्ती प्रक्रिया में गुरुवार को उम्मीदवारों का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) है, लेकिन एक दिन पहले ही दिल्ली के 14 परीक्षा सेंटरों में से एक को रद्द कर दिया गया है। यूटी पुलिस विभाग ने बुधवार शाम को ही अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर इसकी जानकारी अपलोड की। हालांकि जो उम्मीदवार पुलिस वेबसाइट नहीं देखेंगे, उन्हें बेवजह दिल्ली जाने को मजबूर होना पड़ेगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक परीक्षा सेंटर सुरक्षा के मद्देनजर रद्द किया गया है, लेकिन असल कारण अधिकारियों ने किसी को सार्वजनिक नहीं किया है। जिन उम्मीदवारों को सेंटर रद्द होने की जानकारी नहीं मिली है, उन्हें वहां पहुंचने पर इसकी सूचना दी जाएगी। साथ ही कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट किस तारीख को और किस सेंटर में लिया जाएगा, इसकी जानकारी भी वहीं और उनके ई-मेल आईडी पर दी जाएगी।
परीक्षा का इंतजार कर रहे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्य के उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड भी दो-दो बार डाउनलोड करना पड़ रहा है। पहली बार डाउनलोड किए एडमिट कार्ड में उन्हें उनके परीक्षा सेंटर की सही जानकारी नहीं मिली थी। एडमिट कार्ड को दो बार डाउनलोड करने पर ही परीक्षा सेंटर की जानकारी मिलेगी। जिन्हें इस जानकारी का पता नहीं लगा वे अभी तक परेशानी में हैं। उम्मीदवारों को उनके ई-मेल आईडी पर सेंटर सिटी की जानकारी तो मिली लेकिन सेंटर कोड का मतलब क्या है, इसका मतलब उन्हें पता नहीं लग पा रहा है।
15 से 17 नवंबर तक होगा टेस्ट
ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट 15 से 17 नवंबर तक आयोजित होगा। इसके लिए दिल्ली में 14, फरीदाबाद में चार, चंडीगढ़ में पांच, मोहाली में दो, बठिंडा और गुरुग्राम में एक-एक सेंटर बनाया गया है। दिल्ली के 14 सेंटरों में से एक को रद्द कर दिया गया है।
हर सेंटर पर उम्मीदवारों की संख्या के मुताबिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। किसी सेंटर पर 14 पुलिसकर्मी, किसी जगह 10 और यह आंकड़ा हर सेंटर का अलग-अलग है। एसएसपी ट्रैफिक एवं सिक्योरिटी शशांक आनंद के नेतृत्व में गठित पुलिसकर्मियों की कमेटी सीबीटी आयोजित करने वाली कंपनी से संपर्क बनाए हुए है।