सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में 6 फरवरी से सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग शुरू हो रही है। मैच के टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। पहले दिन यहां पर दो मैच खेले जाएंगे। इसके लिए टिकट का मूल्य 500 रुपये तय किया गया है। पंजाब द शेर टीम की ओर से टिकटों की बिक्री के लिए 12 टिकट काउंटर बनाए गए हैं।
लीग की प्रमोशन करने के लिए सीडब्ल्यूई रेसलर दलीप राणा उर्फ ग्रेट खली और हंसराज हंस मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं को खेल ही नशे से दूर कर सकता है। इसके लिए युवाओं को अग्रसर होना चाहिए। पंजाब का नाम खेलों, शहीदों और क्रांतिकारियों के लिए जाना जाता है।
5 मार्च को होगी अंतरराष्ट्रीय रेसलिंग प्रतियोगिता
ग्रेट खली ने कहा की सीडब्ल्यूई को देश में बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन करना बहुत जरूरी है। 5 मार्च को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सीडब्ल्यूई प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें विदेश के छह रेसलर भाग लेंगे। इसमें पुरुषों में जैसन गिब्स, माइक नाब्स, पिटर और महिला वर्ग में कृती,चार्ली रेयाना व सेट टिना शामिल हैं। ये लोग लुधियाना में अपना जौहर दिखाएंगे।
पंजाब से 15 रेसलर उभरेंगे
इसके साथ ही उनका कहना हैं कि पंजाब से भी काफी बेहतरीन खिलाड़ी उभर कर सामने आ रहे हैं। जिसमें उन्होंने कहा की सतिंद्र,लवप्रीत व कई खिलाड़ी शामिल हैं। इसके साथ ही उनका कहना हैं कि आने वाले समय में पंजाब से तकरीबन 15 रेसलर उभरेंगे। खली ने बातचीत के दौरान कहा की देश में सीडब्ल्यूई को प्रमोट करना ही उनका उद्देश्य है। पंजाब के शहरों में कई अकादमी खोली है, जिससे कि युवा अधिक संख्या में रेसलिंग से जुड़ सकें। भविष्य में खली और अकादमी खोलने का प्लान बना रहे हैं।