चंडीगढ़। शहर के वेंडिंग जोन में अब करीब 15 दिन बाद सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू होने जा रहा है। नगर निगम ने दावा किया है कि सभी वेंडिंग जोन में कैमरे लगाने का काम 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। निगम के इलेक्ट्रिकल विंग की दो सब डिवीजन की ओर से लगाए गए करीब 65 लाख रुपये के दो टेंडरों में तीन-तीन कंपनियों ने हिस्सा लिया है। इनकी फाइनेंशियल बिड इसी सप्ताह खोली जाएगी। सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को टेंडर अलॉट किया जाएगा और 10 अक्तूबर के बाद वेंडिंग जोन में कैमरे लगाने का काम शुरू होने की उम्मीद है।
वहीं, एक अन्य सब डिवीजन की ओर से मंगलवार को वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 25 लाख 97 हजार 82 रुपये का टेंडर कॉल किया गया है। तीनों इलेक्ट्रिकल सब डिवीजन को नवंबर के अंत तक सभी वेंडिंग जोन में कैमरे लगाने हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हो रही व्यवस्था
नगर निगम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन करते हुए यह व्यवस्था करने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने 1 जुलाई 2026 के आदेश में वेंडिंग जोन में विक्रेताओं और आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। कैमरों की रिकॉर्डिंग निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखी जा सकेगी। नगर निगम ने 22 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल शपथपत्र में बताया था कि कई वेंडिंग जोन में पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जबकि जरूरत वाले अन्य वेंडिंग जोन में मोबाइल शौचालय उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। केस की सुनवाई के बाद निगम ने अन्य सुविधाएं और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए छह महीने का समय मांगा था। यह अवधि 30 नवंबर को समाप्त हो रही है।
पहले एक करोड़ का टेंडर, कंपनी नहीं आई तो तीन किए
वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए निगम ने पहले एक करोड़ दो लाख रुपये का सिंगल टेंडर कॉल किया था, लेकिन इसमें कोई कंपनी हिस्सा लेने नहीं आई। इसके बाद सिंगल टेंडर के बजाय राशि कम कर तीन टेंडर किए गए। इनमें एक सब डिवीजन का 25.97 लाख रुपये का टेंडर भी कंपनी नहीं आने के कारण दोबारा कॉल किया गया।
शहर में 51 वेंडिंग जोन, दो रद्द
शहर में कुल 51 वेंडिंग जोन हैं। इनमें सेक्टर-52 और 53 के वेंडिंग जोन को नगर निगम सदन की बैठक में रद्द किया गया है। अब इन्हें टाउन वेंडिंग कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। वहां से रद्द होने के बाद ही इनके बदले दो नए वेंडिंग जोन दूसरी जगह बनाने के लिए चीफ आर्किटेक्ट की ओर से जगह चिह्नित की जा सकेगी।
कोट...
वेंडिंग जोन में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम अक्तूबर माह में शुरू होगा। इसे नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। -संजय अरोड़ा, चीफ इंजीनियर, नगर निगम