चंडीगढ़। सेक्टर-40 स्थित डी-लाइन दफ्तर में नौकरी के बहाने कार्यालय में घुसकर चोरी करने का एक मामला सामने आया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी के बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने आरोपी का पीछा किया तो वह गिर पड़ा और उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। हालांकि, मौका पाकर आरोपी फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस की पीसीआर और जांच अधिकारी पर मौके पर देरी से पहुंचने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
डी-लाइन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजीत सिंह के अनुसार, 20 जनवरी की शाम करीब 7:35 बजे एक युवक ट्रैक सूट पहनकर उनके कार्यालय में आया। उसने ऑफिस बॉय या पियन की नौकरी के लिए आवेदन किया। अजीत सिंह ने उसका आधार कार्ड लेकर स्कैन कराया और यह कहकर लौटा दिया कि जरूरत पड़ने पर संपर्क किया जाएगा। युवक बाहर निकल गया लेकिन जैसे ही उसने देखा कि एक कर्मचारी शौचालय गया है, वह चुपचाप सीढ़ियों से दोबारा ऊपर आया और केबिन से कर्मचारी के दो मोबाइल फोन उठा लिए।
इसी दौरान अजीत सिंह की नजर सीसीटीवी मॉनिटर पर पड़ी, जहां आरोपी चोरी करते साफ दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाया। एक महिला कर्मचारी ने दरवाजे पर आरोपी को रोकने की कोशिश की लेकिन वह धक्का देकर भागने लगा। सीढ़ियों पर अजीत सिंह ने पीछे से उसका कॉलर पकड़ लिया जिससे आरोपी गिर पड़ा और उसके हाथ से तीन मोबाइल फोन नीचे गिर गए। इसके बावजूद आरोपी उठकर भागने में सफल रहा। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है।
11 मिनट बाद पहुंची पीसीआर, आधे घंटे बाद आया आईओ
अजीत सिंह ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल किया। उनका आरोप है कि करीब 11 मिनट बाद पीसीआर मौके पर पहुंची। सेक्टर-39 थाने के जांच अधिकारी को सूचना दी गई लेकिन लगभग आधे घंटे तक वह नहीं पहुंचे। एसएचओ रामदयाल को फोन करने के बाद ही आईओ मौके पर आया और बयान दर्ज किए गए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की मांग की लेकिन पुलिस ने पहले मोबाइल कब्जे में लेने और आरोपी की तलाश की बात कही। अजीत सिंह ने आरोपी का आधार कार्ड भी पुलिस को सौंपा है, जिसमें कजहेड़ी का पता दर्ज है।
डेंटल क्लीनिक से चोरी मोबाइल भी निकला बरामद
बरामद तीन मोबाइल में से एक मोबाइल सेक्टर-41 स्थित एक डेंटल वेलनेस सेंटर से चोरी का निकला। कॉल आने पर वहां से व्यक्ति मौके पर पहुंचा और मोबाइल की पहचान की। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस समय पर पहुंचती तो आरोपी पकड़ा जा सकता था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।