सिटी के सरकारी से लेकर प्राइवेट स्कूलों तक के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उनकी बोर्ड परीक्षा से लेकर अन्य कोई भी उलझन व परेशानी चंद मिनटों में दूर की जाएगी। इसमें अनुभवी शिक्षक और काउंसलर अपनी सेवाएं देंगे। यह सुविधा शिक्षा विभाग यूटी की ओर से दी जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को समस्या का सामना नहीं करना पडे़। यूटी शिक्षा विभाग ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
10 फरवरी से शुरू होगी यह सेवा
सेवा 10 फरवरी से शुरू होगी। विद्यार्थी परीक्षा और परीक्षा पैटर्न संबंधी सवाल पूछ सकते हैं। इसमें सीबीएसई बोर्ड, हेल्पलाइन, ई-मेल आईडी एवं फोन नंबर मुहैया करवाए जाएंगे। यह सेवा सुबह 10 से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। यह सेवा 15 अप्रैल तक खुली रहेगी।
मानसिक तनाव से गुजर रहे बच्चों की भी की जाएगी मदद
हेल्पलाइन नंबर पर स्कूली बच्चों के मानसिक तनाव को भी दूर किया जाएगा, जो परीक्षा की वजह से तनाव महसूस करते हैं। यहां विद्यार्थियों की काउंसलिंग की जाएगी। इस प्रशिक्षित टीम में 16 काउंसलर शामिल किए गए हैं। हेल्पलाइन में किसी भी टीचर या स्कूल प्रिंसिपल से सीधे उनके मोबाइल पर संपर्क हो सकेगा।