चंडीगढ़। मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। आरोपियों ने शादी का निमंत्रण के नाम से एपीके फाइल भेजकर सेक्टर-29 निवासी प्रमोद कुमार के बैंक खाते से 69 हजार 598 रुपये उड़ा दिए। सीबीआई ने आरोपी रमेश हलदर, मिंटू और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक प्रमोद कुमार का खाता बैंक ऑफ इंडिया में है। खाता उनके मोबाइल नंबर से लिंक है। 8 फरवरी को उनके व्हाट्सएप पर एक परिचित के नंबर से शादी का निमंत्रण बताकर एपीके फाइल भेजी गई। उन्होंने फाइल नहीं खोली। तीन दिन बाद उसी नंबर से दोबारा ऐसा ही संदेश आया। पीड़ित ने जब मैसेज देखा तो ऑटोमेटिक एपीके फाइल डाउनलोड़ हो गई। बाद में परिचित ने उन्हें बताया कि उसका मोबाइल फोन हैक हो गया था और उसने साइबर क्राइम सेल दिल्ली में शिकायत भी दी है। साथ ही हेल्पलाइन 1930 व 112 पर भी सूचना दी ।
शिकायत के मुताबिक एपीके फाइल डाउनलोड़ होने के बाद उसी दिन उनके खाते से दो ट्रांजेक्शन के जरिए 49,999 और 19,599 रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड साझा नहीं किया। न ही उन्हें किसी प्रकार का ओटीपी संदेश भी प्राप्त नहीं हुआ। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि रुपये मिंटू नामक व्यक्तियों के खातों में जमा हुए हैं। प्रमोद का कहना है कि वह इन दोनों को नहीं जानते और न ही उनका इनसे कोई लेन-देन है। इसके बाद पीड़ित ने सीबीआई को शिकायत दी।