चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित केनरा बैंक की शाखा से 12 करोड़ और हीरा व्यापारी से 56.60 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी विकास वालिया व उसकी पत्नी वर्णिका को बुधवार को सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले की सुनवाई पहली बार सीबीआई अदालत में होगी। यह मामला अभी तक दिल्ली सीबीआई के पास था।
विकास वालिया पर लगभग 15 बैंकों से ठगी का आरोप है। छह बैंकों के मामले में वह जेल में बंद है। जनवरी 2020 में अदालत ने विकास वालिया को भगोड़ा करार दे दिया था। बीते साल 17 जून को पुलिस ने हिमाचल के सोलन से विकास वालिया को गिरफ्तार कर लिया था। विकास वालिया की दिल्ली, मुंबई की सीबीआई समेत चंडीगढ़ पुलिस को तलाश थी। आरोपी कई बैंकों से लगभग 80 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुका है। उनकी जमानत याचिका भी अदालत की ओर से खारिज की जा चुकी है।
दरअसल, 2015 में केनरा बैंक के अधिकारियों की शिकायत पर आरोपी विकास वालिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद दिल्ली सीबीआई ने जांच की थी। आरोपी ने बैंक से करोड़ों का लोन लिया था। इस मामले में विकास के अलावा उसकी पत्नी वर्णिका वालिया, बैंक के पैनल वैल्यूअर वेद प्रकाश गुप्ता, मधु वर्मा, शोभित वर्मा और विशाल कुमार मेहता समेत कई आरोपी शामिल हैं। वालिया पर केनरा बैंक की सेक्टर-34 ब्रांच से भी धोखाधड़ी का आरोप है।