विजिलेंस ने चंडीगढ़ के ड्रग कंट्रोल अफसर सुनील चौधरी और उसके साथी अशोक नरूला के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई धनास में ग्राम संपर्क के सामने ऑर्थोपेडिक सर्जिकल की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार को डरा-धमकाकर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में की गई है।
इस शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने अशोक नरुला को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सेक्टर-20 से रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। ड्रग कंट्रोल अफसर को पकड़ने में पुलिस जुटी हुई है। सूत्र बताते हैं कि सुनील चौधरी की पत्नी हरियाणा के कैथल में न्यायिक अधिकारी है। आरोपी नरूला की गिरफ्तारी सेक्टर 20 से की गई है।
यह भी पढ़ें: शादीशुदा युवक की हैवानियत: घर के बाहर खेल रही बच्चियों से छेड़छाड़, एक के कंधे पर दाग दी जलती सिगरेट
27 सितंबर को पुलिस स्टेशन विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में शिकायतकर्ता का कहना है कि वह धनास में ऑर्थोपेडिक सर्जिकल की दुकान चलाता है। करीब एक महीना पहले सुनील चौधरी और अशोक नरूला उसकी दुकान में आए और जांच करने लगे। शिकायतकर्ता से कहा गया कि उसकी दुकान में कई कमियां हैं। वह दुकान को सील कर देंगे। इस पर शिकायतकर्ता ने कहा कि वह कमियों को दूर कर लेगा।
इसी बीच अशोक नरूला और सुनील चौधरी ने शिकायतकर्ता के पेपर पर दस्तखत ले लिए। अशोक ने कहा कि उसका काम एक लाख रुपये में हो जाएगा, दुकान भी सील नहीं होगी। शिकायतकर्ता ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई। इसके बाद नरूला ने 80 हजार रुपये देने की बात कही। इसके साथ यह भी कहा कि वह सेक्टर 20 स्थित उनके दफ्तर में रकम लेकर आ जाए।
एक लाख से 80 हजार रुपये पर आए
इस दौरान शिकायतकर्ता रकम नहीं जुटा पाया और कुछ दिन बाद सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल में ड्रग कंट्रोल अफसर को मिला। उनके साथ अशोक नरूला भी बैठा था। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह इतनी रकम नहीं दे सकता तो सुनील ने कहा कि रकम कम नहीं होगी। दोनों आरोपियों ने 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता विजिलेंस के पास पहुंचा और शिकायत दी। इसके आधार पर आगे कार्रवाई शुरू हुई।
विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर अशोक नरूला को रंगे हाथ 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक अशोक नरूला फरार ड्रग कंट्रोल अफसर सुनील चौधरी के साथ काफी समय से जुड़ा था। ये दोनों इसी तरह के गलत कामों में संलिप्त थे। विजिलेंस ड्रग कंट्रोल अफसर की संपत्तियों और बैंक खातों की जांच करने में जुटी है। अशोक नरूला का सेक्टर 20 में घर और दफ्तर है। वह अकाउंट्स का काम करता है। सुनील चौधरी और नरूला का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।