मनीमाजरा। मौलीजागरां में घर के बाहर खड़े एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद समेत नौ से दस लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मौलीजागरां निवासी दिनेश ने शिकायत में बताया कि 2 जुलाई को वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गोविंदा, अल्लू, चिंगी, गुरु और उनके साथ आए चार-पांच अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना मौलीजागरां पुलिस ने गोविंदा, अल्लू, चिंगी, गुरु तथा चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।