पंजाब विधानसभा में उठा था मुद्दा
हालांकि शुक्रवार को विपक्ष द्वारा यह मामला पंजाब विधानसभा में भी उठाया गया। लेकिन पुलिस कार्रवाई से नाखुश पूर्व सेना अधिकारियों व कर्नल के परिजनों द्वारा शनिवार को पटियाला डीसी ऑफिस के सामने मोर्चा भी लगाया जाएगा।
यह है मामला
पटियाला निवासी जसविंदर कौर बाठ ने बताया कि उनके पति पुष्पिंद्र सिंह भारतीय सेना में मौजूदा समय में कर्नल के पद पर तैनात है। बीती 13 मार्च की रात को उनके पति बेटे अंगद सिंह के साथ शहर में गए हुए थे। इसी दौरान पटियाला में राजिंद्रा अस्पताल के पास स्थित ढाबे के नजदीक कुछ पुलिस कर्मियों ने शराब के नशे में उसके पति व बेटे के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके साथ मारपीट की। उनके पति ने मारपीट करने वालों को यह भी बताया कि वह सेना में कर्नल है तो भी उन जवानों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लातें मारते हुए बुरी तरह से पीटा। उनके पति को गंभीर चोटें आईं और बायें हाथ में फ्रेक्चर भी आ गया। बेटे अंगद सिंह के सिर पर गहरा जख्म आया जिसके कारण दोनों को अस्पताल में भी भर्ती करवाना पड़ा। लेकिन इस मामले में पटियाला पुलिस ने चार दिनों तक एफआईआर दर्ज करने के बजाए उन्हें इधर से उधर तीन थानों व एसएसपी कार्यालय में चक्कर कटवाए। बल्कि पुलिस एसपी व डीएसपी ने तो उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने मामले में अपने चहेते एसएचओ व अन्य पुलिस कर्मियों को बचाने का प्रयास किया। यह पूरी घटना वहां एक ढाबा कर्मी ने अपने मोबाइल में बना ली थी जिसके बाद पुलिस कर्मियों द्वारा कर्नल व उनके बेटे को पीटने की सच्चाई सामने आई।
साथ ही उन्होंने इस मामले में पटियाला डीसी को पंजाब मुख्य सचिव के नाम एक मांग पत्र सौंपा है जिसमे उन्होंने इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने, मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड करने सहित अन्य मांगे लिखी है। मामले में पूर्व सैनिक अधिकारियों व कर्नल के परिजनों द्वारा शनिवार को पटियाला डीसी कार्यालय के समक्ष मोर्चा भी लगाया जाएगा।