श्री हरमंदिर साहिब की तस्वीर वाले पायदान आदि बेचे जाने की शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की शिकायत पर पुलिस ने ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर एसएस श्रीवास्तव से शिकायत की थी। इसी आधार पर अमेजन पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी को कानूनी नोटिस भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि वह अपनी वेबसाइट से इस विवादित उत्पाद को हटाए और सिखों से माफी मांगे। अगर कानूनी नोटिस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो कंपनी के खिलाफ सिविल व आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुषमा स्वराज को भी लिखा खत
डॉ. रूप सिंह ने कहा कि अमेजन विदेशी कंपनी है। इसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी पत्र लिखा है। पत्र में लिखा गया है कि श्री हरमंदिर साहिब की तस्वीर का गलत प्रयोग करना दुनिया के किसी भी कोने में बैठा सिख सहन नहीं कर सकता। विदेश मंत्रालय को इस प्रकार की कंपनियों पर नजर रखनी चाहिए ताकि व्यापार के बहाने कंपनी देशवासियों की भावनाओं का अनादर न कर सके।
कंपनी के खिलाफ करे सख्त कार्रवाई : ज्ञानी हरप्रीत सिंह
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि उनके पास देश-विदेश की संगत के फोन आए हैं। उन्होंने एसजीपीसी को निर्देश जारी किए हैं कि सिखों की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाली कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अमेरिकी सिख संगठन ने भी दर्ज की आपत्ति
न्यूयॉर्क। अमेरिका के संगठन सिख कोएलिशन ने भी इस पर आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने सांस्कृतिक रूप से अनुचित और अपमानजनक उत्पाद हटाने की मांग की है। संगठन के सिम सिंह ने अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जनरल काउंसल डेविड जेपोल्सकी को इस संबंध में एक पत्र लिखा है।