चंडीगढ़। बीती रविवार रात पिज्जा दिलाने के बहाने स्कूटी पर बच्ची का अपहरण कर छेड़छाड़ करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इंडस्ट्रियल थाना पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित दस वर्षीय बच्ची तीसरी कक्षा में पढ़ती है। बच्ची के परिजनों ने बताया कि बीते रविवार रात करीब 9 बजे उनकी बच्ची घर के सामने ही खेल रही थी। तभी एक युवक ने बच्ची को पिज्जा खिलाने का झांसा देकर अपनी एक्टिवा पर बैठा लिया लेकिन मार्केट जाने की जगह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक ग्राउंड में बच्ची को ले जाकर उसने बच्ची से छेड़छाड़ शुरू कर दी। तभी बच्ची चिल्लाती हुई उसकी एक्टिवा से नीचे छलांग लगा दी। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे। लोगों को पास आते देख युवक एक्टिवा समेत वहां से फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने किसी तरह बच्ची के घर का पता पूछा और उसे परिवार के पास पहुंचाकर मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। जिसके बाद पुलिस बच्ची को उस जगह ले गए, जहां आरोपी उसे अपनी एक्टिवा पर ले गया था।