मनीमाजरा। आरएमआईटी स्कूल और कम्यूनिटी सेंटर के सामने वाले पार्किंग स्थल पर खड़ी 6 गाड़ियों की नंबर प्लेट तोड़ दी गईं। कुछ गाड़ियों की नंबर प्लेट को मोड़कर क्षतिग्रस्त किया गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी रोष है। यह मामला शनिवार शाम को सामने आया।
मौके पर पहुंचे भाजपा के मंडल प्रधान राजीव ढींगरा ने शनिवार शाम साढ़े सात बजे पुलिस को बुलाकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की। इससे पहले, शांति नगर की गली नंबर 6 में रहने वाले बाबू राम ने पुलिस कंट्रोल रूम को इस घटना की सूचना दी थी। नीरज सिंह की गाड़ी की नंबर प्लेट को मोड़कर तोड़ने की कोशिश की गई।
राजीव ढींगरा ने बताया कि शांति नगर में स्कूल और कम्यूनिटी सेंटर के सामने एक बड़ा पार्किंग स्थल है, और इसके अलावा कुछ ही दूरी पर शांति नगर में एक और बड़ा पार्किंग स्थल मौजूद है। स्कूल के सामने वाले पार्किंग स्थल पर अक्सर नशेड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी करते हैं। गाड़ियों की बैटरी चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी अपनी गाड़ी और गली नंबर 1 में रहने वाले नरेंद्र की टाटा सफारी के दरवाजे, ताले, और दरवाजों की रबर तोड़कर चोरी करने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि इस पार्किंग स्थल पर देर रात तक नशेड़ी घूमते रहते हैं, जो ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है।
राजीव ढींगरा ने बताया कि ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन ने कई बार पार्किंग स्थल के बाहर चौहारे पर पुलिस बीट बॉक्स बनाने की मांग की है। एसोसिएशन के प्रधान एसएस परवाना ने छह महीने पहले पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर भी इस मुद्दे को उठाया था। राजीव ढींगरा का कहना है कि जब तक इस क्षेत्र में पुलिस बीट बॉक्स नहीं बनाया जाता, तब तक ऐसी वारदातें रुकना मुश्किल है।