चंडीगढ़। मटका चौक पर रविवार को किसानों के समर्थन में धरना पर बैठे बाबा लाभ सिंह का टेंट हटाने पहुंची पुलिस को विरोध झेलना पड़ा। पुलिस कर्मचारी शाम को मटका चौक पर लगे टेंट हटाने के लिए पहुंच गई। वहां पहुंचने पर पुलिस ने किसान समर्थकों को टेंट हटाने को कहा। इस पर किसान समर्थकों ने पुलिस को कहा कि दिल्ली में लगे टेंट हटवा दो फिर हम सभी टेंट हटाकर घर चले जाएंगे। इस दौराना उन्होंने लाभ सिंह के समर्थन में नारेबाजी भी की। किसान समर्थकों ने पुलिस को टेंट नहीं हटाने दिया।
गौरतलब है कि मटका चौक पर कई महीनों से एक बाबा लाभ सिंह किसानों के समर्थन में धरना पर बैठे हैं। पहले भी कई बार पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन किसान समर्थक तुरंत पहुंचकर पुलिस को रोक देते हैं। रविवार को भी पुलिस मटका चौक पर पहुंचकर टेंट हटाने को कहा, लेकिन किसान समर्थक ने ऐसा नहीं होने दिया। शाम के समय काफी संख्या में मटका चौक पर पुलिस पहुंच गई। कुछ ही देर में किसान समर्थकों के अलावा निहंग सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
किसान समर्थक सतनाम सिंह टांडा ने कहा कि यहां पर 24 घंटे शांतिपूर्वक धरना चल रहा है। दिन रात लंगर चल रहा है। इसे हटाने के लिए पुलिस पहुंच गई यह ठीक नहीं है। मटका चौक पर एक पांच सदस्यीय किसान एकता चंडीगढ़ मटका चौक नाम से कमेटी बनी है। इसमें सतनाम सिंह टांडा, जगजीत सिंह बाजवा, गुरजीत सिंह ढिल्लों, राजन बैंस, अमनदीप सिंह हैं।
उधर, थाना प्रभारी राम रतन का कहना है कि वे किसानों को सामाजिक दूरी रखने और मास्क लगाने के लिए बताने गए थे। अभी कोविड चल रहा है इसलिए सावधानी जरूरी है।