माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी से हेरिटेज कुर्सियां चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी बढ़ई को मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने बढ़ई सरफराज को जेल भेज दिया है। बढ़ई सरफराज तीन और सात दिन के पुलिस रिमांड पर था, जबकि मामले में गिरफ्तार ऊषा उर्फ स्वीटी और कबाड़ का काम करने वाले नरेश मित्तल को बीते शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
केस से जुड़े अन्य आरोपियों को दबोचने के लिए टीम मुंबई और यूपी के लखनऊ समेत अलग-अलग जगहों में दबिश देने पहुंची थी, लेकिन अब तक क्राइम ब्रांच मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में असफल रही है। दावा है कि अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि पीयू के मनोविज्ञान विभाग के अधीक्षक मंजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि सेमिनार हॉल ग्राउंड फ्लोर से 36 हेरिटेज कुर्सी गायब हुई हैं, जबकि 10 कुर्सियां दूसरी फ्लोर से चोरी हुई हैं। इसके अलावा दो कुर्सियां सुपरिंटेंडेंट ऑफिस से गायब हुई हैं, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-25 से बढ़ई सरफराज को गिरफ्तार कर 20 कुर्सियां बरामद की थीं, जोकि उसने धनास के जंगल एरिया में छिपा रखी थी। सरफराज से पूछताछ में धनास में कबाड़ी की दुकान चलाने वाले नरेश मित्तल और सेक्टर-25 निवासी महिला ऊषा उर्फ स्वीटी के नाम का खुलासा हुआ था। इसके बाद टीम ने उक्त दोनों आरोपियों को सेक्टर-25/38 लाइट प्वाइंट के पास से गिरफ्तार कर तीन-तीन दिन का रिमांड हासिल किया था। क्राइम ब्रांच टीम ने अब तक तीनों आरोपियों से 35 हेरिटेज कुर्सियां बरामद कर चुकी है।