ट्राइसिटी में रफ्तार और रोमांच के दीवानों के लिए 19 से 21 दिसंबर तक हीरो रेसिंग का आयोजन किया जाएगा। मोहाली के फेज-8 में गमाडा के मैदान पर ऑटोक्रॉस, मोटरक्रॉस, ऑफ रोडिंग की चुनौती रहेगी, जिसमें देशभर से बेहतरीन मोटर स्पोर्ट्स के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
इनमें सिटी ब्यूटीफुल से सन्नी सिद्धू, हरप्रीत बावा, डॉ. धीरेंद्र सिंह, हरविंदर भोला और हरकरण सिंह भी शामिल हैं। वहीं, दिल्ली से संजय, बॉबी भोगल, शिमला से परमिंदर ठाकुर, बंगलूरू से राहुल, कांतराज, राजपुर से अभिषेक शामिल होंगे।
इनके साथ महिला ड्राइवर वनीता कंग, पारुल, सारिका शेरावत, गरिमा भी अपने ट्रैक पर प्रतियोगिताओं में मशक्कत करती नजर आएंगी। टीम चंडीगढ़ एडवेंचर स्पोर्ट्स के फाउंडर ने बताया कि हीरो रेसिंग का यह छठा आयोजन होगा।
इसे विभिन्न वर्गों में बांटकर आयोजित किया जाएगा। ऑटोक्रास में कार और मोटरक्रॉस में बाइक राइडर्स होंगे। वहीं, ऑफ रोडिंग में जीप और जिप्सी के साथ भाग लिया जा सकेगा।
सबसे बड़ा ट्रैक
हीरो रेसिंग के दौरान बेहतरीन ट्रैक बनाया जाएगा। इसमें डर्ट ट्रैक और ब्रिज भी होगा। इसमें एक साथ ही बाइक, कार, जिप्सी के साथ प्रतियोगी दमखम दिखाते नजर आएंगे।
अब तक इतनी एंट्री
ऑटोक्रॉस------125 प्रतियोगी
मोटरक्रॉस-------84 प्रतियोगी
ऑफ रोडिंग------36 प्रतियोगी