चंडीगढ़। सेक्टर- 43/52 की विभाजित सड़क को पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे वह लहुलूहान हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल गोगा नामक युवक को जीएमएसएच 16 पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। सेक्टर- 36 थाना पुलिस कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली प्रत्यक्षदर्शी महिला बेबी ने बताया कि वह सेक्टर 43/52 की विभाजित सड़क के पास चाय की दुकान चलाती है। सोमवार को वह अपने दुकान पर थी, तभी सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस कार के नंबर की जांच कर आरोपी चालक की गिरफ्तारी में जुट गई है।