चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास तेज रफ्तार एक्सेंट कार ने लाल बत्ती का सिग्नल तोड़ एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान डेराबस्सी निवासी अनीश (35) और घायल की चालक हरीश (30) है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मूलरूप से हिमाचल प्रदेश सिरमौर के पौंटा साहिब स्थित गांव किशनपुरा निवासी कार चालक राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा वीरवार तड़के करीब 4 बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि हिमाचल नंबर की एक्सेंट कार और फल लदे ऑटो के परखच्चे उड़े हुए हैं। पुलिस ने ऑटो सवार दोनों घायलों को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनीश की मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक हरीश की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच में सामने आया कि अनीश फल बेचने का काम करता था। वीरवार वह दोनों डेराबस्सी से ऑटो में फल लेकर चंडीगढ़ के ट्रिब्यून चौक की तरफ से सेक्टर-26 ग्रेन मंडी जा रहे थे। ऑटो को हरीश चला रहा था। जैसे ही ऑटो सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट को पार रहा था तभी पीजीआई की तरफ से तेज रफ्तार से गुजर रही एक्सेंट कार ने सिग्नल तोड़ ऑटो को टक्कर मार दी। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी कार चालक को दबोच लिया है। पुलिस जांच में आरोपी का जानकार जीएमसीएच-32 में भर्ती था, जिसे देखकर वह वापस जा रहा था। हालांकि पुलिस ने बाद में आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया।