मनीमाजरा। कलाग्राम से मनीमाजरा आने वाली सड़क पर राजीव विहार आर्मी फ्लैट्स के सामने बुधवार देर रात करीब 12:45 बजे हथियारबंद बदमाशों ने गन प्वाइंट पर होंडा सिटी कार लूट ली। तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 5-6 युवकों ने कार में बैठे 24 वर्षीय पुलकित शर्मा को पिस्तौल दिखाने के साथ चाकू की नोक पर डराया और उसकी कार लेकर भाग गए । आधी रात हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार पुलकित शर्मा राजीव विहार सोसाइटी में रहता है। बुधवार रात वह अपनी होंडा सिटी में बैठकर खाने का ऑर्डर पहुंचाने वाले व्यक्ति का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 5-6 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पुलकित को पिस्तौल दिखाई, जबकि कुछ बदमाशों ने चाकू निकाल लिए। हथियार देखकर पुलकित डर गया। बदमाश उसे धमकाकर कार लेकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, देर रात तक खंगाले कैमरे
वारदात की सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जिला क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज और तस्वीरें भी लगी हैं। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मनीमाजरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं।
प्रशासक के जनता दरबार से पहले वारदात ने बढ़ाई चिंता
शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया मनीमाजरा में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनने पहुंच रहे हैं। प्रशासक के दौरे से ठीक पहले आधी रात हथियारों के बल पर कार लूट की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। -कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, मनीमाजरा