सिरसा में खौफनाक सड़क हादसा, गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, गाड़ी में सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा हरियाणा के नाथूसरी चोपटा (सिरसा) के सिरसा-चोपटा मार्ग पर गांव नेजियाखेड़ा के नजदीक शनिवार रात हुआ।
सड़क पर नीलगाय आने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे गाड़ी में सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक गुड़गांव के डीसीपी की कार का चालक था। पुलिस ने रविवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। सड़क हादसे में मारे गए दोनों युवकों की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव ढाबी कलां निवासी 28 वर्षीय विनोद कुमार और 30 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चोपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। सूचना पर मृतकों के परिजनों भी अस्पताल पहुंच गए थे।
जानकारी के अनुसार विनोद कुमार हरियाणा पुलिस में मुलाजिम था और गुड़गांव के डीसीपी सौरभ सिंह की गाड़ी का चालक था। वहीं संदीप रेवाड़ी के गांव बावल की किसी कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करता था।
दोनों दोस्त शनिवार को सौरभ सिंह के गनमैन सिरसा के कीर्तिनगर निवासी गोबिंद सिंह की बहन की शादी में शिरकत करने सिरसा आए थे।