भीषण गरमी में कई दिनों के थका देने वाले चुनाव प्रचार और उपचुनावों की गहमागहमी के बाद शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लंदन रवाना हो गए।
कैप्टन लंदन में प्रथम विश्व युद्ध के सौ साल पूरे होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। हालांकि कैप्टन के जाने का कार्यक्रम पहले ही तय था, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कैप्टन के उपचुनावों के नतीजों का इंतजार न करने को लेकर खासी चर्चा है। वहीं कैप्टन का कहना है कि वह अपनी पत्नी परनीत कौर की जीत को लेकर आश्वस्त हैं। लंदन में उन्हें अच्छी खबर ही मिलेगी।
पटियाला शहरी विधानसभा हलके से परनीत कौर को टिकट मिलने के बाद से उनके पति और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उनके चुनाव प्रचार की पूरी कमान संभाल रखी थी। आठ अगस्त से कैप्टन पटियाला में ही डेरा डाले थे और लगातार रैलियां, चुनावी सभाएं और बैठकें करके लोगों को परनीत कौर के हक में लामबंद कर रहे थे। वीरवार को मतदान के बाद शुक्रवार को कैप्टन लंदन रवाना हो गए। कैप्टन का कहना है कि वह चुनाव संबंधी अपनी सारी जिम्मेदारी पूरी करके जा रहे हैं। कैंपेन से लेकर मतदान प्रक्रिया के दौरान बूथों पर दौरे तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी अच्छे ढंग से निभाई। उनके जाने का कार्यक्रम पहले ही तय था।
26 सितंबर को लौटेंगे कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह प्रथम विश्व युद्ध के पूरे होने पर एक भारतीय आर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने लंदन जा रहे हैं। उसके बाद वे फ्रांस और बेल्जियम भी जाएंगे। वे 26 सितंबर को वापसी करेंगे।
करणपाल सेखों, कैप्टन के ओएसडी