पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन शुक्रवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, मनप्रीत सिंह बादल, विजय इंद्र सिंगला और पवन कुमार टीनू सहित विभिन्न उम्मीदवारों द्वारा कुल 25 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही अब तक कुल 45 नामांकन पत्र भरे जा चुके हैं।
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारियों रमिंदर सिंह, बी. पुरुषार्था और संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमित तलवार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि अमृतसर से कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके कवरिंग उम्मीदवार राणा गुरजीत सिंह ने नामांकन दाखिल किए।
गुरदासपुर से कांग्रेस प्रताप सिंह बाजवा और उनकी पत्नी चरनजीत कौर ने उनके कवरिंग कैंडीडेट के तौर पर नामांकन भरे।
जालंधर से शिअद-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार पवन कुमार टीनू, संगरूर से कांग्रेस के विजय इंद्र सिंगला उनकी पत्नी दीप सिंगला और बठिंडा से कांग्रेस के मनप्रीत सिंह बादल ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
अमृतसर क्षेत्र से भगवंत सिंह, गुरदासपुर से पीटर मसीह एवं ममता, संगरूर से हरपाल सिंह, बठिंडा से स्वर्ण सिंह, कुलदीप कौर और कमलदीप कौर, श्री आनंदपुर साहिब से बसपा के कुलदीप सिंह व रशपाल सिंह, होशियारपुर से लखबीर सिंह, खडूर साहिब से जसवीर सिंह और लुधियाना से राज कुमार अटवाल व कुलविंदर पाल सिंह ने भी नामांकन पत्र भरे।