कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिद्ध् पर दिया बयान
नवजोत सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के चुनाव लड़ने संबंधी सवाल पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ज्वॉइनिंग को लेकर अभी तक उनकी सिद्धू के साथ बैठक नहीं हो सकी है। अमृतसर ईस्ट सीट सिद्धू दंपति के लिए रखी गई है, उनमें से जो भी लड़ना चाहे, लड़ सकता है।
कैप्टन ने कहा कि बादलों और बिक्रम सिंह मजीठिया पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और ड्रग माफिया को संरक्षण के मामले में जो भी दोषी पाया गया, उसे जेल भेजा जाएगा। ट्रांसपोर्ट, ड्रग्स, रेत, केबल टीवी, शराब समेत हर चीज पर अकालियों ने अपने निजी हितों के चलते नियंत्रण कर रखा है, पर कांग्रेस के सत्ता में आते ही इन सब माफिया को उखाड़ फेंका जाएगा।
कैप्टन ने अकालियों के आरोप को खारिज किया कि उनकी पिछली सरकार के समय सभी नियुक्तियों पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने कहा कि बादल की अगुवाई में शिअद और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप, कांग्रेस के खिलाफ ऐसे निराधार प्रचार कर रहे हैं। दोनों ही पार्टियां लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। वे कांग्रेस को मिल रहे जन-समर्थन के जवाब में अपनी हताशा जता रहे हैं।
20 लाख युवाओं के लिए नौकरियों का प्रबंध किया गया
पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
कैप्टन ने कहा कि उनके कार्यकाल में बीस लाख युवाओं के लिए नौकरियों का प्रबंध किया गया। साथ ही हजारों की संख्या में सरकारी मुलाजिम, टीचर, डॉक्टर, नर्स नियुक्त किए गए। कुछ समय के लिए नियुक्तियों पर रोक लगाई गई थी, क्योंकि खजाने में पैसा ही नहीं था। अगर यह कदम न उठाया जाता तो पंजाब आर्थिक संकट में फंस जाता।
प्रतिबंध हटने के बाद 49314 सरकारी मुलाजिम, बारह हजार टीचर और नर्स व डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी। बादल पिता-पुत्र और एचएस फूलका को इतनी जानकारी ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर बादल पिता-पुत्र की ओर से चुनाव के मद्देनजर की गईं सियासी नियुक्यिां रिव्यू की जाएंगी। पर किसी भी सरकारी मुलाजिम की नियुक्ति रिव्यू नहीं होगी।
किसानों व अन्य वर्गों से किए वादों के लिए बजट के सवाल पर कैप्टन ने कहा कि राजस्व जुटाने को नए तरीके खोजे जाएंगे। टिकट वितरण में देरी और बगावत के सवाल पर कैप्टन ने कहा कि यह दुष्प्रचार भी बादल और केजरीवाल कर रहे हैं। दोनों पार्टियां अब तक कई लिस्टें जारी कर चुकी हैं, पर पूरी प्रक्रिया खत्म नहीं कर पाई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को पंजाब के साथ दूसरे राज्यों के लिए भी कैंडिडेट फाइनल करने हैं, जिसमें समय लगता है।
कैप्टन ने खुद पर लगे आरोपों को भी नकारा
कैप्टन अमरिंदर सिंह
कैप्टन ने खुद को टिकट वितरण में फ्री-हैंड न मिलने के आरोपों को भी नकारा। बठिंडा से सुरिंदर सिंगला की जगह मनप्रीत बादल को लड़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिंगला की तबीयत ठीक नहीं है। खरड़ में आप उम्मीदवार कंवर संधू को हराने के लिए तगड़े आदमी की जरूरत थी, इसलिए जगमोहन कंग को टिकट दी।
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर हुड्डा के बयान कि अगर कैप्टन एसवाईएल पर भरोसा देते हैं, तभी वह पंजाब में प्रचार करेंगे, पर कैप्टन ने कहा कि पंजाब के पास अतिरिक्त पानी है ही नहीं। इसलिए पानी बांटने का सवाल ही पैदा नहीं होता। वह आएं या नहीं, यह उनकी मर्जी, लेकिन पंजाब के हित सबसे ऊपर रहेंगे।
भगवंत मान के बयान कि केंद्र सरकार कैप्टन व उनके परिवार के विदेशी खातों की जांच करके उन्हें जेल भेजेगी पर कैप्टन ने कहा कि केंद्र दो साल से कोशिश कर रहा है। उन्होंने सरकार को चुनौती दी है कि वह आरोप साबित करें।