लोक सभा में कांग्रेस के उप नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह आज मोहाली में गरजेंगे। विधायक बलबीर सिद्धू की अगुवाई में शाम चार बजे दशहरा ग्राउंड में कैप्टन की जन संपर्क रैली आयोजित की जाएगी। जिसमें कई शीर्ष नेताओं और विधायकों के पहुंचने की उम्मीद है।
प्रदेश कांग्रेस में वर्चस्व की जंग चल रही है। एक तरफ प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा ने रैलियों का सिलसिला शुरू किया था। तो उसके जवाब में कैप्टन ने भी पूरे पंजाब में जन संपर्क रैलियों का सिलसिला शुरू किया है। ये रैलियां कैप्टन गुट के विधायकों के हलकों में की जा रही हैं। विधायक सिद्धू भी कैप्टन के करीबी माने जाते हैं।
इन रैलियों में कैप्टन गुट ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटा कर हाईकमान को यह मैसेज देना चाहता है कि पंजाब में लोकप्रिय नेता वही हैं। इसलिए इस रैली में सिद्धू की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। इसे देखते हुए ही सिद्धू और उनकी टीम पिछले कई दिनों से रैली की तैयारियों में जुटी हुई थी।
बारिश की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। एक मैरिज पैलेस में वैकल्पिक इंतजाम भी किया गया है। सिद्धू गुट ने दावा किया है कि टेंट में पंद्रह हजार लोगों के लिए इंतजाम किया गया है। रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने के लिए सिद्धू ने शुक्रवार को गांवों का रुख किया।
जबकि, उनके खास पार्षद रजिंदर राणा, रिशव जैन, अमरीक सिंह सोमल, सुरिंदर सिंह राजपूत, नछत्तर सिंह आदि ने सारे वार्डों में कमान संभाली। सिद्धू ने गांव मनौली में बैठक की। जिसमें उन्होंने कहा कि रैली में महिला व यूथ कांग्रेस, किसान सेल समेत पूरी कांग्रेस लीडरशिप पहुंचेगी।
उन्होंने सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों के नुमाइंदों से भी बैठक में शामिल होने की अपील की। साथ ही गांवों में भी लोगों को रैली के लिए लामबंद किया। इस मौके मोहन सिंह बठलाना, मनजीत सिंह, करम सिंह, जगरूप सिंह, मेजर सिंह और गुरमेल सिंह मौजूद थे।