पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एनआरआई लोगों को पंजाब से बाहर करने के लिए चुनाव आयोग को चिट्ठी क्या लिखी, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दिनभर कैप्टन के खिलाफ ट्वीट हुए और शाम तक #CaptainAgainstNRIs टॉप 5 में ट्रेंड करने लगा।
कैप्टन को लेकर गुस्से का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रोल्स ने यहां तक कह दिया, ‘पंजाब किसी के बाप की जागीर नहीं कैप्टन साहब। उस हर इंसान का हक पंजाब पर है जिसकी जड़ें इससे जुड़ी हैं। कांग्रेस कितना भी जोर लगा ले, हम पंजाब से बाहर नहीं जाने वाले।’
यह कहा है चिट्ठी में
कैप्टन ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिख एनआरआई लोगों को सूबे की कानून व्यवस्था के लिए खतरा बताया है। पंजाब कांग्रेस प्रधान ने आरोप लगाया कि आप ने विस चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में करीब 27 हजार एनआरआई की नियुक्ति की है। इसके अलावा आप प्रत्याशियों के प्रचार के लिए दूसरे राज्यों से चालीस हजार कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। सूबे में इस समय ‘पंजाबी बनाम बाहरी’ की जंग चल रही है।
यह आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है जिनके अनुसार ऐसे लोग चुनाव के लिए नहीं रुक सकते और इन्हें चार फरवरी से 48 घंटे पहले तक पंजाब छोड़ना चाहिए। ऐसे में इन लोगों को जल्द से जल्द प्रदेश से बाहर किया जाए। कैप्टन का आरोप है कि ये एनआरआई आप नेता दुर्गेश पाठक, जरनैल सिंह और संजय सिंह के लिए प्रचार में जुटे हैं और युवाओं को विदेश में नौकरी का लालच दे रहे हैँ।