राहुल गांधी की वापसी को धमाकेदार बनाने के लिए जी जान से जुटी कांग्रेस की मुहिम को उसके ही वरिष्ठ नेता अपने बयानों से झटका दे रहे हैं।
अब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अध्यक्ष पद के लिए राहुल को अभी और अनुभव की जरूरत है। उन्हें छुट्टी से लौटने के बाद देश में घूमना चाहिए।
अमरिंदर सिंह के अनुसार सोनिया गांधी अकेले ही पार्टी चलाने के लिए काफी हैं और उन्हें अध्यक्ष बने रहना चाहिए। राहुल गांधी को उपाध्यक्ष पद पर ही रहना चाहिए। अमरिंदर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि राहुल को 10 साल में ही जहाज का कप्तान नहीं बनाया जा सकता है।
कैप्टन ने बताया कि उन्होंने राहुल को वापस आने के लिए ई-मेल भेजा था पर उसका जवाब नहीं मिला। अमरिंदर अंबिका सोनी, जनार्दन द्विवेदी, संदीप और शीला दीक्षित के बाद राहुल के अध्यक्ष बनने का विरोध करने वाले बड़े नेता हैं।
कैप्टन के ताजा बयान के बाद पार्टी के भीतर चल रही इस रस्साकशी के कारण भूमि अधिग्रहण बिल पर केंद्र को घेरने की कांग्रेस की रणनीति धराशायी होने का खतरा पैदा हो गया है।
रैली की तैयारियों में जुटे कांग्रेसी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र के भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ रैली से वापसी करने वाले हैं। इस रैली की सफलता के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश अध्यक्षों को कहा गया है कि उनकी कुर्सी भीड़ के आधार पर तय की जाएगी।
13 अप्रैल को सभी प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। रैली के दिन जयपुर से 19 कोच की विशेष ट्रेन दिल्ली तक आने की बात कही जा रही है। एफएम रेडियो पर हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में विज्ञापन दिए जा रहे हैं।
राफेल सौदे पर स्वामी को दी नसीहत
भारत और फ्रांस के बीच हुए 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद संबंधी समझौते को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सही बताया है। करार का विरोध करने वाले भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी का अदालत जाने की धमकी देना प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें कैबिनेट में नहीं लिए जाने पर भड़ास निकालना है।
स्वामी ने धमकी दी थी कि यदि सरकार राफेल करार पर आगे बढ़ती है तो वह उसे अदालत में चुनौती देंगे। कैप्टन ने देश हित से पहले व्यक्तिगत जरूरतों को रखने पर स्वामी के रुख पर आश्चर्य जताया।
वायुसेना की क्षमता को मजबूत करने के लिए राफेल विमानों की खरीद संबंधी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए अमरिंदर ने कहा कि भगवान के लिए निजी एजेंडे को एक तरफ रख दीजिए, देश की सुरक्षा की चिंता करिए।