पंजाब विधानसभा चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के तीनों चारों बड़े राजनीतिक दल अपने-अपनी तरीके से लोगों को लुभाने में जुटे हैं। राज्य सरकार द्वारा एक निजी टीवी चैनल का प्रसारण बंद करने को लेकर विपक्ष ने जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सरकार बनने पर बादलों का एकाधिकार खत्म किया जाएगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने कहा कि पार्टी पंजाब में केबल माफिया का अंत करेगी। कैप्टन ने चैनल को केबल नेटवर्क से ब्लैक आउट करने को तानाशाही व कठोर कदम बताया। उन्होंने कहा कि वह चैनल, केबल वितरण, रेत माइनिंग, ट्रांसपोर्ट, शराब आदि कारोबारों में बादलों का एकाधिकार खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार न्यूज चैनल बंद करके सच नहीं दबा सकती। वह किसी भी तरीके से बाहर निकल कर रहेगा। तानाशाह कितना भी ताकतवर क्यों न हो, वह लोगों के गुस्से के आगे नहीं टिक सकता। कई न्यूज चैनल बंद करके लोगों के विश्वास को और मजबूत किया गया है कि बादलों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
भगवंत मान ने कहा कि 2017 में आप की सरकार बनते ही केबल माफिया का अंत हो जाएगा। लोगों से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार छीनने में अकालियों ने कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। राज्य में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया है। इससे पहले भी ये कई चैनलों को निशाना बना चुके हैं। यह मीडिया की आजादी पर हमला है।
बादल इस हद तक आ गए हैं कि आप की रैलियों में जाने वाले लोगों के विडियो देख कर उन्हें धमकाया जाता है। वे याद रखें कि कबूतर के आंख बंद करने से बिल्ली नहीं भागती, दरियाओं के बहाव को रोका नहीं जा सकता।