पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्यकारिणी समिति के सदस्य कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रियंका गांधी पर घमंडी होने का आरोप लगाने पर भाजपा नेता अरुण जेटली की निंदा की है।
उन्होंने दूसरों के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने से पहले जेटली को अपने अंदर झांकने की सलाह दी है। कैप्टन ने कहा कि वह राहुल और प्रियंका को उनके बचपन से जानते हैं और दोनों अपने मित्रतापूर्ण व मिलनसार रवैये के लिए जाने जाते हैं।
यहां तक कि प्रियंका ने कई बार अपनी बैठकों में बड़ी संख्या में शामिल होने वाले आम आदमी पार्टी और भाजपा जैसी विरोधी पार्टियों के वर्करों के प्रति भी बहुत मित्रतापूर्ण रवैया अपनाया है।
जेटली की टिप्पणी उल्टा चोर कोतवाल को डांटे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जेटली को अपने अंदर झांकना चाहिए और याद करना चाहिए कि उन्होंने कब आखिरी बार अपने समर्थकों सहित आम पार्टी कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया था।
कैप्टन ने कहा कि उनको याद है कि अमृतसर में चुनाव के दौरान उन्हें लोग बताते थे कि जेटली या तो आम वर्करों के साथ हाथ मिलाने के लिए आगे नहीं बढ़ाते या फिर सिर्फ रस्म निभाते हैं। जेटली की टिप्पणी उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली है।
उन्होंने कहा कि यह जेटली के चरित्र की विशेषता है, जो कभी मुझे सिर्फ राष्ट्रीय मुद्दों पर बहस करने की चुनौती देंगे व उसी वक्त अपने पैर वापस खींच लेंगे और फिर अमृतसर में नशों व पेयजल की बात करने लग पड़ते हैं।
जेटली अपने घमंड और स्वार्थी रवैये के कारण हारेंगे
कैप्टन अमरिन्दर ने कहा कि जेटली अपने घमंड और स्वार्थी रवैये के कारण ही अमृतसर में हारेंगे। उनके लिए अभी सीखना बाकी है कि पार्टी वर्करों को बराबर का दर्जा देना चाहिए, न कि उन्हें छोटा समझना चाहिए।
कांग्रेसी नेता ने कहा कि भाजपा निराश होती जा रही है और कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करने के लिए ये हर तरह के हथियार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
वास्तव में प्रियंका से अमेठी में बुरी तरह से हारने वाली भाजपा के पास उनके खिलाफ बोलने को कुछ नहीं है, जिस कारण ये अब व्यक्तिगत हमले करने के साथ छोटी राजनीति पर उतर आए हैं। जेतली को निराधार आरोप लगाने के बजाय कोई मजबूत बात करनी चाहिए।