कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस
- फोटो : amar ujala
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ उन्हीं के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा करके सूबे की सियासत में हलचल मचा दी है। खुद मनप्रीत सिंह ने भी कैप्टन के इस बयान पर मुहर लगाते कहा कि इसके लिए वे तैयार हैं।
वीरवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते कैप्टन ने कहा कि मनप्रीत बादल को लंबी हलके से सीएम बादल के खिलाफ चुनाव में खड़ा किया जाएगा। स्वयं मनप्रीत भी बादल परिवार को चुनौती देने की इच्छा रखते हैं। जीतने की क्षमता रखने वाले नेताओं को पार्टी चुनाव मैदान में उतारेगी। परिवारवाद अथवा सिफारिश स्वीकार नहीं होगी।
कैप्टन ने कहा कि विभिन्न माहिरों की राय के आधार पर कांग्रेस अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी। चुनावी घोषणा पत्र को शत प्रतिशत लागू किया जाएगा, यह छलावा नहीं होगा। अकाली-भाजपा सरकार पर बरसते उन्होंने कहा कि पंजाब को हरेक क्षेत्र में इस सरकार ने बर्बाद कर दिया है। वहीं दिल्ली के सीएम केजरीवाल भी सिरे के झूठे हैं। दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में स्थापित पियाओ को गिराने पर सिख संगत उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। यह बेहद शर्मनाक व अशोभनीय है। इस मौके पर उनके साथ बीबी राजिंदर कौर भट्ठल, सुरिंदरपाल सिंह समेत अन्य पार्टी नेता हाजिर थे।
वहीं पंजाब कांग्रेस की कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में रखी जिला स्तरीय बैठक में शामिल पार्टी नेताओं ने एक-दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास किया। नेताओं का ऐसा रवैया देखकर पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर के चेहरे पर निशान साफ देखे जा सकते थे। नेताओं के शोर शराबे को देख कैप्टन अमरिंदर सिंह को खुद माइक संभालना पड़ा और नेताओं को शांत किया। बैठक में पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्ठल, विधायक ब्रह्ममहिंदरा समेत अन्य दिग्गज हाजिर थे।
सवाल जवाब सेशन में नेताओं ने सिर्फ अपने चहेतों को विधानसभा का टिकट देने की वकालत की। जबकि कुछ एक नेताओं ने आने वाले चुनाव के मद्देनजर कुछ ठोस सवाल भी उठाए। बैठक में बाहरी प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में नहीं उतारने की मांग उठाई गई। कैप्टन ने समय की नजाकत को भांपते हुए खुद ही माइक थामा और वर्करों को भरोसा दिलाया कि जीतने की क्षमता रखने वाले नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। कैप्टन ने कहा कि वर्करों की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।