पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : File Photo
पंजाब कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी किसानों की दुर्दशा का मजाक उड़ाना बंद करें। कैप्टन ने उत्तर प्रदेश चुनाव में मोदी की ओर से किसानों से किए कर्ज माफी के वादे को भी खारिज किया और इसे चुनावी नौटंकी बताया।
कैप्टन ने पीएम पर हजारों किसानों की जिंदगी की कीमत पर चुनावी सियासत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार किसानों के लिए इतना ही चिंतित होती तो पंजाब समेत तमाम राज्यों के किसानों का कर्ज पहले ही माफ कर दिया जाता। मोदी आसानी से केंद्र सरकार की ओर से कर्ज माफ करने का एलान कर सकते थे। कांग्रेस ने भी सत्ता में रहते हुए किसानों के 70 हजार करोड़ के कर्ज माफ किए थे।
यूपी में पीएम के कर्ज माफी के एलान से साफ है कि यह सिर्फ राज्य केकिसानों को टारगेट करते हुए अपनी पार्टी के लिए मत हासिल करने की चाल के तहत किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि 31 दिसंबर 2016 को अपने संदेश में मोदी ने किसानों का कर्ज माफ करने का एलान क्यों नहीं किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के दल ने मोदी से मिलकर यह मांग की थी, पर वह नाकाम रहे। कैप्टन ने कहा कि किसानों के कर्ज माफ करने संबंधित किसी भी कदम का स्वागत है, लेकिन प्रधानमंत्री जैसा कद रखने वाले व्यक्ति को किसानों की भावनाओं से खेलना शोभा नहीं देता।