कैप्टन अमरिंदर सिंह और अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मंगलवार को चंडीगढ़ में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस ने तूल पकड़ लिया है। भगवंत मान समेत पार्टी के नेताओं ने पंजाब भवन में केजरीवाल की प्रेंस कॉन्फ्रेंस न होने देने का कैप्टन सरकार पर आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आरोप को गलत बताया और कहा कि केजरीवाल चाहें तो उनके लिए लंच का प्रबंध कराने में खुशी होगी।
केजरीवाल चंडीगढ़ में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का एजेंडा घोषित कर सकते हैं। सांसद भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो पंजाब के लोगों के समक्ष कैप्टन सरकार के झूठ का खुलासा करने आ रहे हैं, इसीलिए सरकार डरी हुई है और पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं होने देना चाहती।
इस पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, आम आदमी पार्टी केवल ड्रामा करना चाहती है। कुछ दिन पहले ही केजरीवाल को रैली करने की इजाजत दी थी। अब उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से क्यों रोकेंगे। अगर केजरीवाल चाहें तो मुझे उनके लिए लंच का प्रबंध करने में खुशी होगी।
केजरवाल का ट्वीट: दिल्ली की तरह पंजाब में भी 200 यूनिट मुफ्त बिजली
चंडीगढ़ दौरे से पहले केजरीवाल ने पंजाबी भाषा में ट्वीट किया- इतनी महंगाई में एक महिला के लिए अपना घर चलाना बहुत मुश्किल होता है। दिल्ली में हम हर परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देते हैं। महिलाएं बहुत खुश हैं। पंजाब की महिलाएं भी महंगाई से बहुत दुखी हैं। पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार मुफ्त बिजली देगी।