पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि इस मुलाकात के बारे में कैप्टन ने यह कहकर टालने का प्रयास किया कि शाह के बातचीत के दौरान चुनाव नतीजों के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई और केवल पंजाब से जुड़े सामान्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यह बयान कैप्टन ने ट्विटर के जरिये भी जारी किया। फिर भी इस मुलाकात ने पंजाब में विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले नई दिल्ली के साथ नेताओं की बढ़े मेलजोल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कैप्टन की पार्टी इस बार भाजपा के साथ गठबंधन का हिस्सा है।
कैप्टन सोमवार दोपहर अमित शाह के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने करीब 45 मिनट तक शाह के मुलाकात करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि अभी चुनाव नतीजे नहीं आए हैं और अभी उन्होंने शाह से पंजाब के सामान्य मुद्दों पर ही बातचीत की है। बाकी विषयों पर चुनाव परिणाम आने के बाद चर्चा की जाएगी।
यह पूछे जाने पर कि शाह के साथ किन मुद्दों पर बातचीत हुई है, कैप्टन ने कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा भी शामिल है। इस सवाल पर कि क्या बीबीएमबी और चंडीगढ़ के मुद्दे पर बातचीत के दौरान चर्चा हुई? कैप्टन ने इस बारे में इनकार करते हुए इतना ही कहा कि उन्होंने शाह से बातचीत के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बारे में पत्र अवश्य लिखा है। 10 मार्च में आने वाले चुनाव परिणाम के बारे में किसी तरह की भविष्यवाणी करने से बचते हुए कैप्टन ने कहा कि वे कोई पंडित नहीं हैं। फिर भी वे इतना कह सकते हैं कि उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और भाजपा ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है।
बीबीएमबी के मुद्दे पर अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष बीबीएमबी का मुद्दा उठाया है। उल्लेखनीय है कि बीबीएमबी के निर्धारित नियमों में संशोधन करते हुए, सचिव (पावर) और सचिव (सिंचाई) के पदों से क्रमश: पंजाब और हरियाणा की स्थायी सदस्यता समाप्त कर दी है, जिससे इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर अब किसी भी बाहरी राज्य के इंजीनियरों को नियुक्त किया जा सकेगा। पंजाब और हरियाणा सरकारों ने इस फैसले पर कड़ा एतराज जताया है।