कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने फिर साधा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना
- फोटो : amar ujala
हरियाणा के कद्दावर कांग्रेसी नेता कैप्टन अजय यादव ने सोमवार को अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। यादव ने यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के बाद लिया है।
बता दें कि शुक्रवार को एकाएक कैप्टन ने ट्विटर पर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था और फिर शनिवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा भेज मीडिया के सामने भी भड़ास निकाली थी। हालांकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर पहले से ही कैप्टन को मना लेने का दावा कर चुके हैं।
गौरतलब है कि बीते दिन कैप्टन अजय यादव ने कहा था कि वह सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने जाएंगे। उसी के बाद आगे की रणनीति बनाएंगे। अमर उजाला से विशेष बातचीत में कैप्टन अजय यादव ने कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और वह फिलहाल हरियाणा बचाओ सेवा समिति में काम करेंगे।
कैप्टन अजय ने कहा कि यह पूरी तरह गैर राजनीतिक पार्टी है। हमें प्रदेश भर में हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस से अलग अपना गुट चलाते हैं, जो व्यक्ति पीसीसी अध्यक्ष की ही नहीं सुनता वह किसी और की क्या सुनेगा।