सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, दिल्ली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के स्टार कैंपेनर होंगे। पंजाब सरकार द्वारा पहली कैबिनेट बैठक में लिए फैसलों को पार्टी दिल्ली में भुनाएगी। पंजाब में पार्टी की शानदार जीत के लिए दिल्ली कांग्रेस तीस मार्च को कैप्टन का अभिनंदन करेगी।
दिल्ली नगर निगम के चुनाव अप्रैल में होने हैं। जिनके लिए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भाजपा में तिकोना मुकाबला है। तीनों ही पार्टियों ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस एमसीडी चुनाव में कैप्टन अमरिंदर को स्टार प्रचारक बनाएगी।
साथ ही पंजाब सरकार द्वारा पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए 120 फैसलों को भी प्रचार का हिस्सा बनाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया पर खास प्रचार सामग्री भी तैयार कर ली गई है। जिसमें पंजाब सरकार द्वारा किसानों के कर्ज माफ करने की प्रक्रिया शुरू करने को प्रचारित किया जाएगा।