पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को स्मार्ट सिटी और अमरुत योजना के तहत 1087 करोड़ रुपये के अनेक प्रोजेक्टों का वर्चुअल शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर नौवें पातशाह को श्रद्धांजलि स्वरूप पवित्र नगरी श्री आनंदपुर साहिब को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल किया जाए।
कैप्टन ने कहा कि अब इन प्रोजेक्टों के आगाज से इन क्षेत्रों का स्थायी विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र अमृतसर शहर के लिए 721 करोड़ रुपये की लागत से नहरी पानी सप्लाई योजना का नींव पत्थर रखने में खुशी हो रही है। यह योजना पवित्र शहर के निवासियों को दूषित और भूजल के लगातार गिरते स्तर वाले पानी के बजाय साफ पीने वाला पानी मुहैया करवाएगी।
शहरी बुनियादी ढांचा सुधार प्रोग्राम (यूआईआईपी) का जिक्र करते हुए कैप्टन ने कहा कि पहले चरण में 300 करोड़ की लागत से 2065 कार्य शुरू/मुकम्मल किए गए हैं। दूसरे चरण में 4227 कार्य स्वीकृत किए गए और 1300 कार्य शुरू किए गए हैं। अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और सुल्तानपुर लोधी में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी देते हुए कैप्टन ने कहा कि कुल 3000 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत 1246 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू/मुकम्मल किए गए है, जबकि 918 करोड़ की लागत के कामों के लिए टेंडर मांगे गए हैं।