होशियारपुर में सोमवार को कोरोना के 27 नए मामले सामने आए। साथ ही दो लोगों की मौत हो गई। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमित कुमार पांचाल ने होशियारपुर में कोविड की वर्तमान स्थिति के मद्देनजर धमाई गांव को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां डोर टू डोर सर्वे किया जाएगा।
वहीं सिविल अस्पताल होशियारपुर में सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय स्टाफ को टीका लगाया गया था। लेखा अधिकारी अमनदीप सिंह और अधीक्षक मुख्तियार सिंह ने खुद टीका लगवाकर पूरे स्टाफ को प्रोत्साहित किया। सिविल सर्जन डॉ. रंजीत सिंह घोतड़ा ने कहा कि यह टीका सुरक्षित और प्रभावी है।
कोरोना के नए स्ट्रेन का पंजाब में कोई मामला नहीं : स्वास्थ्य मंत्री
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने सोमवार को बताया कि अभी तक पंजाब में कोरोना के नए स्ट्रेन का एक भी मामला नहीं आया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पंजाब में कोविड के सक्रिय मामले में वृद्धि हुई है। यह वृद्धि 33 फीसदी तक पहुंच गई है जो चिंताजनक है। पंजाब सरकार ने संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए नई योजना पर काम करना शुरू कर दिया गया है। फैलाव को रोकने के लिए जिला स्तर पर तैनात स्वास्थ्य अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही नमूनों की जांच में भी इजाफा कर दिया गया है।
कैप्टन आज करेंगे समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को कोरोना के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें कैप्टन कोरोना टीका नहीं लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के मामले में कोई फैसला कर सकते हैं।