तीन दिन की भारी बारिश से प्रभावित हुए पंजाब के किसानों की सुध लेने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को तरनतारन और कपूरथला जिलों का हवाई दौरा किया। वे विभिन्न गांवों में जाकर लोगों से भी मिले और नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से ढहे घरों और पशुधन के घाटे के लिए भी मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने तरनतारन में गुरबीर सिंह (18) के परिवार से भी मुलाकात की जो सोमवार को तेज बहाव में बह गया था। उन्होंने उसके परिवार के लिए 3.5 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया।
कपूरथला में सेना द्वारा तैयार किए अस्थायी पुलों को स्थायी पुलों में बदलने और सड़कों की मरम्मत के मामले में सीएम ने कहा कि वे इस मामले को जल्द केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के पास उठाएंगे। इसके अलावा वे पहले ही सेना की अथॉरिटी को जल्द से जल्द उन पुलों की मरम्मत और विस्तार करने की अपील कर चुके हैं, जिनका जिम्मा उनके पास है। सीएम ने तरनतारन और अमृतसर के डिप्टी कमिश्नरों को ऐसे सभी पुलों की सूची देने के लिए कहा है जिससे यह लिस्ट सेना की अथॉरिटी को सौंपी जा सके।