2022 में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) पास करने वाले 20 हजार अभ्यर्थियों के लिए टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) भर्ती में आवेदन करने का संकट खड़ा हो गया है। ऑनलाइन आवेदन करते समय एचटेट पास का प्रमाण पत्र अपलोड करना जरूरी लेकिन इन अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र मिले ही नहीं हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए अब मार्च 10 दिन ही बचे हैं।
आनन फानन अभ्यर्थी हरियाणा भिवानी बोर्ड के कार्यालय का रुख कर रहे हैं और मौके पर जाकर ही अपने प्रमाण पत्र ला रहे हैं। बता दें कि हरियाणा में तीन और चार दिसंबर को एचटेट की परीक्षा हुई थी। 19 दिसंबर को परिणाम जारी हुआ था। करीब ढाई महीने बीत जाने के बाद भी हजारों अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं, जबकि यह पत्र बोर्ड ने अभ्यर्थियों के घर पर भेजने थे।
15 मार्च आवेदन करने की अंतिम तिथि
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने मेवात कैडर और हरियाणा शेष के लिए अलग-अलग विषयों की 7471 पदों पर भर्ती निकाली है। 23 फरवरी से 15 मार्च तक आवेदन करने की तिथि है। अमर उजाला ने मुद्दा उठाया तो 2015 में पास अभ्यर्थियों भर्ती में आवेदन करने का मौका दिया। अब पिछले साल ही एचटेट पास करने वालों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
बोर्ड की ओर से एचटेट के प्रमाण पत्र भेजे जा रहे हैं। जिनको जल्दी जरूरत है वह भिवानी बोर्ड में आकर अपना प्रमाण पत्र ले सकते हैं। परीक्षाएं चलने के चलते स्टाफ फील्ड में व्यस्त है। स्टाफ की कमी के कारण प्रमाण पत्र प्रिंट नहीं करा पाए। अब इस काम को तेज गति से किया जा रहा है। किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। - वीपी यादव, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।