पंजाब में उपचुनाव की तारीख घोषित होते ही चुनावी गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है। वहीं प्रत्याशियों के लिए भी तैयारी शुरू हो गई है। लुधियाना में दाखा हलके पर उपचुनाव होना है। यह सीट आम आदमी पार्टी के विधायक एचएस फूलका के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।
राजनीतिक दलों ने भी इस सीट पर अपने अपने उम्मीदवारों का नाम फाइनल करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी समस्या पार्टी नेताओं की आपसी गुटबंदी है। पार्टी टिकट के लिए मेजर सिंह भैणी और अकाली दल से कांग्रेस में आए पूर्व सांसद अमरीक सिंह आलीवाल का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है।
इससे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील कुमार जाखड़ का नाम भी सामने आया था हालांकि जाखड़ अपनी अनिच्छा जाहिर कर चुके हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस ने इस सीट पर गुटबंदी को खत्म करने के लिए बीच का रास्ता निकालने की सोची है। जिसके तहत मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप सिंह संधू का नाम आगे लाया गया है।