लोकसभा उपचुनाव में अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी इस आकलन में लगे हैं कि गुरदासपुर संसदीय हलके के किस इलाके और किस समुदाय के कितने वोट उन्हें मिलेंगे।
इस सीट पर 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत तो भाजपा प्रत्याशी विनोद खन्ना को मिली थी, लेकिन जीतने और हारने वाले दोनों प्रत्याशियों के कुल वोट पिछले चुनाव के मुकाबले घट गए थे। इसका मुख्य कारण थी आम आदमी पार्टी। इसके प्रत्याशी ने करीब पौने दो लाख वोट हासिल किए थे। इस बार भी आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में है और हलके में न तो भाजपा प्रत्याशी के लिए मोदी लहर है और न कांग्रेस के पास कोई सहानुभूति।
वर्ष 2014 के आम चुनाव के दौरान गुरदासपुर संसदीय सीट पर भाजपा के विनोद खन्ना 4,82,255 वोट हासिल कर विजयी रहे, लेकिन उन्हें पूर्व चुनाव की अपेक्षा 0.85 फीसदी कम वोट हासिल हुए थे। इसी तरह दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के प्रत्याशी प्रताप सिंह बाजवा को 3,46,190 वोट मिले, जोकि पूर्व चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को मिले कुल वोटों से 14.80 फीसदी कम रहे। माना जा रहा है कि इन दोनों प्रत्याशियों से छिटके वोट उस समय आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुच्चा सिंह छोटेपुर (1,73,376 वोट यानी कुल मतदान हुए वोटों का 16.63 फीसदी) की झोली में चले गए थे।
यह है वोटों का गणित
Gurdaspur Lok Sabha bypoll
कमोबेश उपरोक्त स्थिति इस उपचुनाव में भी बनी हुई है। दोनों मुख्य दलों के प्रत्याशी प्रचार अभियान में एक-दूसरे को मात देने में दिन-रात एक किए हुए हैं। भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों और पंजाब में कैप्टन सरकार की नाकामियों का हवाला देकर वोट मांग रही है, वहीं कांग्रेस ने पूर्व अकाली-भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और नेताओं के आचरण को मुद्दा बनाया है।
आम आदमी पार्टी ने स्थानीय समस्याओं को मुद्दा बनाया है। वह कांग्रेस और भाजपा को भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर निशाने पर लेने से भी नहीं चूकती। इसके अलावा पार्टी के प्रत्याशी मेजर जनरल सुरेश खजूरिया का कहना है कि इस बार युवा वर्ग जिनमें ज्यादातर पहली बार वोटर हैं, पार्टी से जुड़े हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाला यह वर्ग पार्टी के साथ आया है। दरअसल, आम आदमी पार्टी की पकड़ सोशल मीडिया पर काफी अच्छी है। ऐसे में पार्टी का दावा अगर सही साबित हुआ तो मुख्य दलों के प्रत्याशियों की हार-जीत के अंतर में इस बार भी आम आदमी पार्टी बड़ी सेंध लगा सकती है।
यह है वोटों का गणित
गुरदासपुर सीट पर हिंदू वोटर अधिक हैं। यहां 46.74 फीसदी हिंदू, 43.64 फीसदी सिख और 7.68 फीसदी ईसाई हैं। मुस्लिम वोटर 1.20 और अन्य वोटर 0.75 प्रतिशत हैं।
2014 के आम चुनाव (गुरदासपुर संसदीय सीट)
Gurdaspur Lok Sabha bypoll
2014 के आम चुनाव (गुरदासपुर संसदीय सीट)
प्रत्याशी पार्टी वोट प्रतिशत वोट घटे
विनोद खन्ना भाजपा 482255 46.25 -0.85
प्रताप सिंह बाजवा कांग्रेस 346190 33.20 -14.80
सुच्चा सिंह छोटेपुर आप 173376 16.63 --
वरिंदर सिंह सीपीआई 11839 1.14 --
सुखविंदर सिंह बसपा 5621 0.54 -1.11