कांग्रेस ने सज्जन सिंह पर सवाल उठाए
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से कनाडा के रक्षामंत्री हरजीत सिंह सज्जन को खालिस्तान समर्थक कहने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने शुक्रवार को सज्जन से कहा कि वह खालिस्तान के मुद्दे पर अपना स्टैंड स्पष्ट करें। भारत और कनाडा के अच्छे संबंधों केलिए यह जरूरी है कि वह इस संवेदनशील मुद्दे पर अपना स्टैंड साफ करें।
कांग्रेस विधायकों सुखजिंदर रंधावा, सुख सरकारिया और नवतेज चीमा ने कहा कि कनाडियन अधिकारी इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने के बजाय तथ्य छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। शांति पसंद पंजाबियों केलिए इस गंभीर मुद्दे पर कनाडियन अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। उन्होंने आम आदमी पार्टी और शिअद नेताओं से कहा कि वे सज्जन के वकील बनने की कोशिश न करें। क्योंकि कनाडियन रक्षामंत्री ने खालिस्तान समर्थक होने का खंडन तक नहीं किया है।
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि सज्जन और उनके साथी मंत्रियों व सांसदों का भारत विरोधी ताकतों के साथ एकजुट होना जगजाहिर है। इनमें से किसी ने भी इस तथ्य को नकारा नहीं है। सुखबीर बादल, एचएस फूलका और सुखपाल खैरा अपने आप ही उन्हें क्लीन चिट दे रहे हैं। शायद खैरा और फूलका विदेशों में फंड एकत्र करने के कारण इस मामले में देश विरोधी ताकतों के हाथ में खेल रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सिर्फ एक तथ्य सामने लाए थे, जिसका कनाडियन मंत्री ने भी खंडन नहीं किया है। यह किसी पंजाबी या सिख की बेइज्जती करने की बात नहीं है, बल्कि किसी नेता के राजनीतिक झुकाव की बात है। सीएम केस्टैंड का डट कर समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि हमें पंजाब केहितों केलिए स्पष्ट रेखा खींचनी होगी ताकि पंजाब को काले दिनों की ओर धकेलने स बचाया जा सके। पंजाब सरकार राज्य में अमन और भाईचारक सांझ केसाथ कोई समझौता नहीं करेगी।