पंजाब यूनिवर्सिटी के करीब दर्जन भर कोर्सेज में दाखिला लेना आसान नहीं है, क्योंकि इन कोर्सेज में सीटों की संख्या से कई गुना अधिक आवेदन पहुंचे हैं। इन सभी कोर्सेज के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई थी। पीयू में ऑनलाइन एडमिशन के तहत बुधवार दोपहर तक कुल 33901 एप्लीकेशन पहुंचे हैं। वहीं, सभी मामलों में 17 हजार 403 स्टूडेंट्स ने सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। पीयू में इस बार आवेदन की संख्या मौजूद सीटों की संख्या से काफी ज्यादा है।
आवेदकों की संख्या बढ़ने से प्रतियोगिता और टफ होगी। माना जा रहा है कि इन कोर्सेज की मेरिट हाई जाएगी। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, साइकोलॉजी में सर्वाधिक आवेदन आए हैं। पीयू में 150 से अधिक स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्सेज चल रहे हैं। बैचलर और मास्टर ऑफ आर्ट से जुड़े विषयों में एडमिशन के लिए अधिक लाइन लग रही है। वहां आवेदनों की भरमार है जबकि साइंस विषयों में इतने फार्म विभागों को नहीं मिल रहे हैं।
स्टूडेंट्स की सभी समस्याओं को हल करने के लिए पीयू में आठ हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। जो कि यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस, यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल, डिपार्टमेंट ऑफ जूलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ बॉयोटेक्नोलॉजी, यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग लाइब्रेरी, डिपार्टमेंट ऑफ इवनिंग स्टडीज और स्टूडेंट सेंटर पर स्थापित है।