पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में नया एकेडमिक सत्र शुरू होते ही छात्र संगठनों की नारेबाजी शुरू हो गई है। सितंबर के पहले हफ्ते में संभावित छात्र काउंसिल चुनाव मे नंए वोटरों को लुभाने के लिए छात्र नेताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शुक्रवार दिनभर पीयू कुलपति दफ्तर के सामने एबीवीपी,पुसू, सोई, इनसो छात्र संगठनों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा। नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया(इनसो) ने पीयू डीएसडब्ल्यू वुमन प्रो.नंदिता शुक्ला सिंह की कार्यप्रणाली को लेकर वीसी दफ्तर के सामने काफी देर नारेबाजी की। इनसो कैंपस प्रेसिडेंट संजय सांगवान की ओर से वीसी को दी शिकायत में कहा गया है कि प्रो.नंदिता ऑफिस में स्टूडेंट को समय नहीं देती हैं। उन्होंने कहा कि काफी स्टूडेंट के हॉस्टल को लेकर जमा आवेदन पर भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एबीवीपी) ने पीयू प्रशासन द्वारा परीक्षा फीस बढ़ाने के विरोध में शुक्रवार को पूरे कैंपस में विरोध रैली निकाली। एबीवीपी छात्र नेता हरमनजोत सिंह गिल ने कहा कि पीयू प्रशासन ने फीस बढ़ोतरी कर गरीब स्टूडेंट के लिए पीयू के दरवाजे बंद करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को जल्द ही केंद्र सरकार के सामने उठाया जाएगा।
स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया(सोई) ने भी लड़कियों को हॉस्टल अलॉटमेंट नहीं किए जाने के विरोध में डीएसडब्ल्यू वुमन के खिलाफ नारेबाजी की। सोई नेता विक्की का आरोप है कि छात्राओं की किसी तरह से सुनवाई नहीं हो रही है।