पंजाब यूनिवर्सिटी ने तय कर दिया है कि स्टूडेंट सेंटर पर स्टूडेंट्स को साउथ इंडियन फूड दिया जाएगा। साथ ही वहां बेकरी भी खोली जाएगी, जिसमें केक, पेस्टी आदि भी मिलेगी। इसके अलावा हेल्दी अन्य फूड भी यहां बनेंगे। इसी माह के आखिर तक इसके लिए टेंडर प्रक्रिया निकाली जाएगी। पीयू में काम कर रहे साउथ इंडियन शॉप आदि संचालकों को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। स्टूडेंट सेंटर पर वर्षों से इंडिया कॉफी हाउस काम करता आ रहा था, लेकिन अचानक उन्होंने यहां से जाने का निर्णय ले लिया।
हालांकि कारण बताया गया कि संचालक को घाटा हो रहा था। उसके बाद पीयू ने सेंटर के कैफेटेरिया के संचालन को लेकर कमेटी बनाई। डीयूआई प्रो. शंकरजी झा की अध्यक्षता में कई बार बैठकें हुईं, लेकिन निर्णय नहीं लिया जा सका। सोमवार को कमेटी मेंबर्स की बैठक हुई। इस दौरान चर्चा की गई कि पीयू का होटल टूरिज्म विभाग इसका संचालन करेगा या नहीं। इस पर विभाग ने कहा कि उनके पास मैनपावर कम है। यदि इसका संचालन किया गया तो उनके पास स्टाफ नहीं बचेगा। ऐसे में फिलहाल विभाग इसका संचालन नहीं कर पाएगा।
उसके बाद तय हुआ कि स्टूडेंट्स को यहां साउथ इंडियन टेस्ट ही मिलता रहा है। ऐसे में तमाम लोग अब भी साउथ इंडियन टेस्ट के लिए परिवारों के साथ यहां आते हैं। ऐसे में टेस्ट पुराना ही रहने की बात रखी गई। इस पर कमेटी के सभी सदस्यों ने मुहर लगा दी। इस दौरान प्रस्ताव रखा गया कि स्टूडेंट सेंटर के आसपास कोई भी बेकरी नहीं है। ऐसे में सेंटर संचालक को बेकरी भी खोलनी बिस्किट आदि रखने होंगे। इस पर भी मुहर लग गई।
इसी माह में निकल जाएंगे टेंडर
इसी महीने ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इसका किराया कितना रहेगा, यह दो से तीन दिन में तय हो जाएगा। बताया जाता है कि पीयू इसका किराया 40 हजार से अधिक रखने की तैयारी कर रहा है। हालांकि इनकम के मुताबिक ही किराया रखने की तैयारी है। आइटमों की संख्या बढ़ने के कारण यहां भीड़ उमड़ सकती है।